Daily Suraj

हिन्दी

खरड़ में अकाली नेता रविंदर सिंह खेड़ा के आवास पर ईडी की छापेमारी; विधानसभा टिकट के हैं प्रमुख दावेदार

25 Nov, 2026 08:20 AM

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमों ने बुधवार सुबह शिरोमणि अकाली दल के खरड़ हलका प्रभारी रविंदर सिंह खेड़ा के आवास पर छापेमारी की। सुबह-सवेरे हुई इस अचानक कार्रवाई से स्थानीय राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। रविंदर सिंह खेड़ा को आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए खरड़ विधानसभा क्षेत्र से अकाली दल के टिकट का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। दूसरी ओर, राज्य की राजनीति में हाल ही में हुए अकाली-भाजपा गठबंधन की घोषणा ने इस सीट के संभावित उम्मीदवारों के लिए सियासी समीकरणों को पहले ही काफी पेचीदा बना दिया है। पुराने रिश्वत मामले से जुड़ा है पिछला रिकॉर्ड गौरतलब है कि रविंदर सिंह खेड़ा खरड़ के लुभाणगढ़ स्थित ‘गुरु कृपा राइस एंड एग्रो इंडस्ट्रीज’ के मालिक हैं। इससे पहले जनवरी 2023 में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा भी उनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी। उस दौरान सीबीआई ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के एक अधिकारी सहित खेड़ा को 50,000 रुपये के रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया था। सियासी सक्रियता और पार्टी कार्यक्रमों में रही है अहम भूमिका राजनीतिक दृष्टि से रविंदर सिंह खेड़ा पिछले कुछ समय से खरड़ क्षेत्र में काफी सक्रिय थे। अभी बीते 18 नवंबर को ही शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने खरड़ में विभिन्न वर्गों के व्यापारियों और कारोबारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की थी। इस बैठक में शेलर मालिक, आढ़ती, किराना व्यापारी, प्रॉपर्टी डीलर, कीटनाशक विक्रेता और छोटे दुकानदार शामिल हुए थे, जिसकी व्यवस्थाओं में खेड़ा ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अतिरिक्त, बादल परिवार द्वारा खरड़ और आसपास के इलाकों में आयोजित की गई प्रमुख रैलियों में भी वे लगातार अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं।

Latest News