Daily Suraj

हिन्दी

गैंगस्टरों और नशा तस्करों पर पंजाब पुलिस का शिकंजा, 105 ड्रग तस्कर भी गिरफ्तार

12 May, 2026 09:47 AM

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान के 111वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों से जुड़े 484 चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 238 लोगों को गिरफ्तार किया। यह विशेष अभियान पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव द्वारा शुरू किया गया था। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) पंजाब के समन्वय में सभी जिलों की पुलिस टीमें लगातार राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं। पुलिस के अनुसार, 111वें दिन की कार्रवाई के दौरान एक हथियार भी बरामद किया गया। अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 28,336 तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा पुलिस टीमों ने 68 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की, जबकि पूछताछ और जांच के बाद 25 लोगों को रिहा कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान तीन भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया। पंजाब पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के जरिए गोपनीय रूप से गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों से जुड़ी जानकारी साझा कर सकते हैं। पुलिस ने कहा कि नागरिक अपराध और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं भी इस हेल्पलाइन पर दे सकते हैं। इस बीच, पंजाब पुलिस ने नशों के खिलाफ चलाए जा रहे “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान को भी जारी रखा। अभियान के 436वें दिन पुलिस ने 105 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 2.3 किलोग्राम हेरोइन, 80 किलोग्राम भुक्की, 476 नशीली गोलियां और कैप्सूल, तथा 1300 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 436 दिनों के दौरान कुल 63,551 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने नौ लोगों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News