नेपाल चुनाव में बालेन शाह की पार्टी की ऐतिहासिक जीत, पुरानी पार्टियों को बड़ा झटका

नेपाल चुनाव में बालेन शाह की पार्टी की ऐतिहासिक जीत, पुरानी पार्टियों को बड़ा झटका

नेपाल के आम चुनावों में रैपर से राजनेता बने बालेंद्र शाह की नई पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए देश की स्थापित राजनीतिक पार्टियों को बड़ा झटका दिया है। नेपाल चुनाव आयोग द्वारा अब तक घोषित परिणामों के अनुसार, राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (आरएसपी) ने 165 में से 117 सीटें जीत ली हैं और आठ अन्य सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। यह पार्टी वर्ष 2022 में रवि लामिछाने द्वारा स्थापित की गई थी। चुनाव आयोग अब तक 165 में से 152 सीटों के परिणाम घोषित कर चुका है। नेपाली कांग्रेस 17 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली की पार्टी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड मार्क्सवादी–लेनिनवादी) को केवल सात सीटों पर जीत मिली है और वह तीन अन्य सीटों पर आगे चल रही है। इसके अलावा नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी ने सात सीटें जीती हैं। श्रम संस्कृति पार्टी को दो सीटों पर जीत मिली है और वह दो अन्य सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी ने एक सीट जीती है, जबकि एक स्वतंत्र उम्मीदवार भी चुनाव जीतने में सफल रहा है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार आरएसपी ने काठमांडू घाटी के तीन जिलों की 15 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। आरएसपी नेता और प्रधानमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार बालेंद्र शाह, जिन्हें ‘बालेन’ के नाम से भी जाना जाता है, ने झापा-5 सीट से बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड मार्क्सवादी–लेनिनवादी) के अध्यक्ष और चार बार नेपाल के प्रधानमंत्री रह चुके के.पी. शर्मा ओली को लगभग 50,000 वोटों के अंतर से हराया। चुनाव आयोग के अनुसार बालेंद्र शाह को 68,348 वोट मिले, जबकि ओली को 18,734 वोट प्राप्त हुए। आरएसपी की इस बड़ी जीत के बाद बालेंद्र शाह के नेपाल के अगले प्रधानमंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है। विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम देश में पारंपरिक राजनीतिक दलों के प्रति जनता की बढ़ती असंतोष की भावना को दर्शाता है। यदि शाह प्रधानमंत्री बनते हैं तो वह हिमालयी देश के पहले मधेशी प्रधानमंत्री होंगे और नेपाल के संसदीय इतिहास में सर्वोच्च पद संभालने वाले सबसे युवा नेता भी बनेंगे।