व्हाट्सएप चैट बने अहम सबूत, कोकीन तस्करी मामले में ड्राइवर को मिली लंबी सजा
अमेरिका में कोकीन तस्करी से जुड़े एक मामले में भारतीय ट्रक चालक जोबनप्रीत सिंह को अदालत ने 75 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। पंजाब निवासी जोबनप्रीत सिंह कैलिफोर्निया में ट्रक चालक के रूप में कार्य करता था और उस पर बड़ी मात्रा में कोकीन की तस्करी का आरोप था। अधिकारियों के अनुसार, 17 अप्रैल 2025 को इलिनोइस के लेरॉय के निकट इंटरस्टेट-74 पर नियमित ट्रैफिक जांच के दौरान जोबनप्रीत सिंह के ट्रक की तलाशी ली गई। इस दौरान ट्रक से लगभग 234 पाउंड यानी करीब 106 किलोग्राम कोकीन बरामद की गई। अधिकारियों ने बरामद नशीले पदार्थ की कीमत लगभग 10.6 मिलियन डॉलर (करीब 90 करोड़ रुपये) बताई है। पुलिस के मुताबिक, कोकीन को कूड़े के थैलों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। हालांकि, चालक ने दावा किया कि उसे ट्रक में मौजूद कोकीन के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद मामले की विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान सामने आई व्हाट्सएप चैट्स में कथित रूप से कोकीन की डिलीवरी के लिए 5,400 डॉलर के एक सौदे का खुलासा हुआ। जांच एजेंसियों ने इन चैट्स को मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना। अदालत के आदेश के अनुसार, 30 वर्षीय जोबनप्रीत सिंह को 55 वर्षों तक जेल से रिहा नहीं किया जाएगा। इसके परिणामस्वरूप वह 85 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद ही पैरोल या जमानत के लिए पात्र होगा। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पहले ही जेल में जो 407 दिन बिता चुका है, उन्हें उसकी सजा की अवधि में शामिल किया जाएगा।
Posted By: Daily Suraj Bureau