Daily Suraj

हिन्दी

भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स एनएसए बैठक, सीमा पार आतंकवाद पर होगी अहम चर्चा

23 Jun, 2026 08:36 AM

भारत की अध्यक्षता में आयोजित ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक का आज दूसरा और अंतिम दिन है। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल कर रहे हैं। इस दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। बैठक के प्रमुख एजेंडे में सीमा पार आतंकवाद, पश्चिम एशिया में जारी संकट और वैश्विक सुरक्षा चुनौतियां शामिल हैं। भारत इस मंच पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का मुद्दा प्रमुखता से उठाएगा और जम्मू-कश्मीर में सीमा पार आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ अपना कड़ा रुख भी दोहराएगा। बैठक में उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़ी सुरक्षा चुनौतियों, साइबर सुरक्षा तथा आतंकवाद विरोधी सहयोग को मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी सख्त नीति को अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की तैयारी कर रहा है। इस बैठक में चीन के विदेश मंत्री वांग यी और रूस की सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगू भी भाग ले रहे हैं। विभिन्न सुरक्षा मुद्दों पर ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच सहमति बनाना भारत के लिए एक महत्वपूर्ण चुनौती माना जा रहा है। गुरुग्राम में आयोजित इस बैठक के दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने, उभरती तकनीकों से जुड़ी चुनौतियों का समाधान तलाशने तथा साइबर सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी सहयोग को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News