पंच प्यारों की अगुवाई में पहला जत्था आज ऋषिकेश से होगा रवाना
सिख श्रद्धालुओं के प्रमुख तीर्थ स्थलों में शामिल गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब की वार्षिक यात्रा इस वर्ष आज से शुरू हो रही है। यात्रा के तहत पहला जत्था पंच प्यारों की अगुवाई में ऋषिकेश से रवाना किया जाएगा, जबकि गुरुद्वारा साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए 23 मई को खोले जाएंगे। यह जानकारी गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने दी। उन्होंने बताया कि यात्रा की तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर राज्य के मुख्य सचिव आनंद वर्धन के साथ बैठक की गई थी। चर्चा के बाद 23 मई को गुरुद्वारा साहिब के कपाट खोलने पर सहमति बनी। ट्रस्ट के अनुसार, यात्रा की औपचारिक शुरुआत 20 मई को ऋषिकेश से पंच प्यारों की अगुवाई में पहले जत्थे के रवाना होने के साथ होगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। भारतीय सेना ने गुरुद्वारा साहिब के आसपास और यात्रा मार्गों से बर्फ हटाने का कार्य भी पूरा कर लिया है, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान सुविधा मिलेगी। गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट हर वर्ष सरकार के साथ समन्वय बनाकर यात्रा का संचालन करता है। इस बार पिछले वर्षों की तुलना में कम बर्फबारी होने के कारण यात्रा को पहले शुरू करने का फैसला लिया गया है।
Posted By: Daily Suraj Bureau