ओमान के सोहार में समुद्री जहाज पर ड्रोन हमला: 9 भारतीय नाविक सुरक्षित बचाए गए, 2 अब भी लापता

ओमान के सोहार में समुद्री जहाज पर ड्रोन हमला: 9 भारतीय नाविक सुरक्षित बचाए गए, 2 अब भी लापता

ओमान के सोहार एंकरेज के पास रविवार (11 अक्टूबर) को 11 भारतीय क्रू सदस्यों को ले जा रहे एक तेल टैंकर जहाज 'एमटी पेट्रो डॉल्फिन' (MT Petro Dolphin) पर भीषण ड्रोन हमला हुआ। इस हमले के बाद जहाज पर सवार दो भारतीय समुद्री कर्मचारी लापता हो गए हैं, जबकि क्रू के अन्य नौ भारतीय सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने इस घटना की पुष्टि की है। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर जानकारी देते हुए कहा कि 11 अक्टूबर को सोहार एंकरेज पर निकारागुआ के झंडे वाले टैंकर 'एमटी पेट्रो डॉल्फिन' को ड्रोन हमले का निशाना बनाया गया। उन्होंने बताया कि हमारे 11 भारतीय चालकों में से 9 को सफलतापूर्वक बचा लिया गया है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन 2 भारतीय नागरिक फिलहाल लापता हैं। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि स्थानीय तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड) द्वारा व्यापक स्तर पर खोज और बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। भारत सरकार लापता कर्मियों को सुरक्षित ढूंढ निकालने और राहत कार्यों में पूर्ण सहयोग प्रदान करने के लिए संबंधित ओमान अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर रही है। वहीं, मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने भी स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस घटना पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। दूतावास ने बताया कि वे संबंधित अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में हैं ताकि लापता भारतीय नाविकों की जल्द से जल्द सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की जा सके। उल्लेखनीय है कि ओमान के समुद्री तट के पास भारतीय क्रू सदस्यों वाले जहाज को निशाना बनाए जाने की हाल के दिनों में यह दूसरी घटना है।