वैष्णो देवी दर्शन से लौटते समय हादसा, एक ही परिवार के 14 सदस्य घायल
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे मानसा जिले के एक परिवार के साथ पठानकोट के निकट शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार के 14 अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ। घटना की खबर मिलते ही सरदूलगढ़ क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार आम आदमी पार्टी (आप) सरदूलगढ़ के वरिष्ठ नेता तथा पंजाब राज्य रेगुलेटरी के पूर्व निदेशक नेम चंद चौधरी का है। परिवार वाहन से माता वैष्णो देवी के दर्शन करने गया हुआ था और वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। दुर्घटना में नेम चंद चौधरी के जीजा भूषण जैन और उनकी बहन बिल्लो रानी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना से परिवार और क्षेत्र के लोगों को गहरा आघात पहुंचा है। हादसे में नेम चंद चौधरी के भाई लाडी और उनका परिवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के कुल 14 सदस्यों को चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पठानकोट, बटाला और अमृतसर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इस दुखद हादसे के बाद विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने नेम चंद चौधरी और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
Leave a Reply