लुधियाना-हलवारा एयरपोर्ट से शुरू हुई उड़ान सेवा, रोजाना चलेंगी दो फ्लाइट्स
लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू होने का पंजाबवासियों का लंबे समय से इंतजार आखिरकार पूरा हो गया। गुरुवार सुबह 7:05 बजे दिल्ली से आई पहली फ्लाइट हलवारा एयरपोर्ट पर उतरी। वहीं, लुधियाना से दिल्ली के लिए पहली उड़ान सुबह 7:55 बजे रवाना हुई। दिल्ली से आई पहली फ्लाइट में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी करीब 60 यात्रियों के साथ एयर इंडिया की उड़ान से लुधियाना पहुंचे। एयर इंडिया की ओर से हलवारा-लुधियाना एयरपोर्ट से प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित की जाएंगी। दिल्ली से लुधियाना तक का सफर लगभग 1 घंटा 15 मिनट में पूरा होगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार, यात्रियों को अपनी निर्धारित उड़ान से कम से कम 90 मिनट पहले एयरपोर्ट पहुंचना अनिवार्य होगा। उड़ान रवाना होने से एक घंटा पहले टर्मिनल बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद किसी भी यात्री को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इससे पहले पंजाब में छह हवाई अड्डे संचालित हो रहे थे, जिनमें श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अमृतसर, शहीद भगत सिंह हवाई अड्डा मोहाली (चंडीगढ़), आदमपुर हवाई अड्डा, बठिंडा हवाई अड्डा, पठानकोट हवाई अड्डा और लुधियाना का साहनेवाल हवाई अड्डा शामिल थे। हालांकि, हलवारा एयरपोर्ट शुरू होने के बाद साहनेवाल एयरपोर्ट को बंद कर दिया जाएगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने अपना पूरा स्टाफ हलवारा एयरपोर्ट पर स्थानांतरित कर दिया है। वहीं, एयर इंडिया ने भी वहां अपना स्टाफ तैनात कर दिया है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 फरवरी 2026 को लुधियाना के हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था। प्रधानमंत्री ने जालंधर से वर्चुअली इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और राज्यसभा सदस्य रजिंदर गुप्ता भी हलवारा एयरपोर्ट पहुंचे थे।
Posted By: Daily Suraj Bureau