परिवार के सोते समय चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस ने शुरू की जांच
सुल्तानपुर लोधी विधानसभा क्षेत्र के गांव चक कोटला में बीती रात हुई एक बड़ी चोरी की वारदात ने न केवल एक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है, बल्कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। अज्ञात चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से घर की पिछली दीवार में सेंध लगाकर वर्षों की मेहनत से जोड़ी गई पूंजी पर हाथ साफ कर दिया। बताया गया है कि वारदात के समय परिवार के सदस्य घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान चोर बिना किसी डर के घर में दाखिल हुए और जाते समय घर के अंदरूनी दरवाजों को कपड़ों से बांध गए, ताकि परिवार के सदस्य तुरंत बाहर न निकल सकें। सुबह जब परिवार को घटना का पता चला तो वे छत के रास्ते कमरे तक पहुंचे। वहां अलमारियां खुली हुई थीं, सामान बिखरा पड़ा था और घर से लगभग 25 तोला सोना, 10 से 12 तोला चांदी, करीब ढाई लाख रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान गायब था। 20 वर्षों की मेहनत एक रात में हुई चोरी पीड़ित परिवार की सदस्य बलजीत कौर और संदीप कौर ने बताया कि परिवार के सदस्य पिछले करीब 20 वर्षों से विदेश में मेहनत-मजदूरी कर भविष्य सुरक्षित करने के लिए एक-एक पैसा जोड़ रहे थे। बेटियों की शादी और पारिवारिक जरूरतों के लिए संभालकर रखा गया सोना और नकदी अब चोरी हो चुकी है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर न्याय दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल घटना के बाद गांव के लोगों ने कहा कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि कुछ समय पहले बस्ती रंगीलपुर में भी एक बड़ी चोरी हुई थी, लेकिन उस मामले में भी पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में लोगों के बीच अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। गांव के सरपंच हरचरण सिंह ने कहा कि इस घटना से पूरे गांव में भय का माहौल है। उन्होंने बताया कि पंचायत ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने जांच तेज की चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई जा रही है और हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बस्ती रंगीलपुर की चोरी अब भी अनसुलझी गौरतलब है कि कुछ समय पहले बस्ती रंगीलपुर में शीतल सिंह पुत्र जागीर सिंह के घर भी चोरों ने करीब 15 तोला सोना, नकदी और 500 यूरो चोरी कर लिए थे। उस मामले में चोरों की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बावजूद पुलिस अब तक कोई बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सकी है। अब चक कोटला में हुई इस नई चोरी ने एक बार फिर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजामों और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Posted By: Daily Suraj Bureau