नोएडा फेज-2 में हिंसा, पुलिस पर पथराव और वाहनों को नुकसान
उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोमवार को कर्मचारियों का प्रदर्शन हिंसक हो गया, जिससे कई इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। मजदूर पिछले चार दिनों से वेतन वृद्धि की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना है कि कम वेतन के कारण जीवन यापन मुश्किल हो गया है और इसके अलावा भी कई अनियमितताओं की शिकायतें हैं। प्रदर्शन के दौरान सबसे पहले हालात फेज-2 इलाके में बिगड़े। मांगों पर सुनवाई न होने से नाराज कर्मचारियों ने पथराव शुरू कर दिया और कई गाड़ियों व बसों में आग लगा दी। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस के साथ भी प्रदर्शनकारियों की झड़प हुई, जिसमें एक पुलिस वाहन को पलट दिया गया। हालात बिगड़ते देख कई थानों की पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उन पर भी पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी। फेज-2 से शुरू हुआ यह प्रदर्शन धीरे-धीरे नोएडा के करीब 10 औद्योगिक क्षेत्रों और आसपास के जिलों तक फैल गया। सेक्टर-57 में प्रदर्शनकारियों ने 30 से अधिक फैक्ट्रियों और दफ्तरों में तोड़फोड़ की। इसके अलावा शहर के कई मुख्य मार्गों पर जाम लगा दिया गया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बीच प्रशासन ने लोगों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। स्थिति को सामान्य करने के लिए प्रदर्शनकारियों को समझाने के प्रयास जारी हैं।
Posted By: Daily Suraj Bureau