पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 भगोड़े भी पकड़े, 147 पर एहतियाती कार्रवाई

पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 भगोड़े भी पकड़े, 147 पर एहतियाती कार्रवाई

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘गैंगस्टरों पर वार’ के 37वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्यभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 601 चिन्हित स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान 203 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से एक हथियार भी बरामद किया गया। यह अभियान राज्य को गैंगस्टर मुक्त बनाने के उद्देश्य से 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव द्वारा शुरू किया गया था। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के समन्वय से विभिन्न जिलों की पुलिस टीमें लगातार विशेष अभियान चला रही हैं। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के साथ अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 11,616 तक पहुंच गई है। इसके अलावा 147 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 145 लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान 8 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों से संबंधित जानकारी गोपनीय रूप से एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर साझा करें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। इसी दौरान, पंजाब पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के 362वें दिन 67 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 2.4 किलोग्राम हेरोइन, 301 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 3,350 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इस अभियान के तहत अब तक कुल 51,305 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने 30 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया है। पंजाब पुलिस की यह कार्रवाई राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार जारी है।