पंजाब पुलिस में 3,298 पदों पर भर्ती, 10 मार्च से शुरू होगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
पंजाब पुलिस इस वर्ष कुल 3,298 पदों पर नई भर्ती करने जा रही है। विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 मार्च 2026 से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार 30 मार्च 2026 की रात 11:55 बजे तक अपने आवेदन जमा कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग आगे की चयन प्रक्रिया शुरू करेगा। पंजाब पुलिस के अनुसार, कुल 3,298 पदों में से 2,522 पद जिला पुलिस कैडर के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि 766 पद आर्म्ड पुलिस कैडर के लिए होंगे। भर्ती से संबंधित आधिकारिक लिंक जल्द ही अपडेट किया जाएगा। विभाग द्वारा भर्ती से जुड़े सभी नियमों और शर्तों को अंतिम रूप दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मापदंड और अन्य पात्रता शर्तों की विस्तृत जानकारी भी जल्द ही जारी की जाएगी, ताकि उम्मीदवार आवेदन से पहले सभी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें। भर्ती प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस विभाग ने एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद उम्मीदवार यहां अपनी शिकायतें और सुझाव दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए 02261306246 नंबर जारी किया गया है, जिस पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा, विभाग पंजाब पुलिस भर्ती के लिए एक QR कोड भी जारी करेगा। उम्मीदवार इस QR कोड को स्कैन करके सीधे आधिकारिक भर्ती लिंक तक पहुंच सकेंगे और वहीं से ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे। इससे उम्मीदवारों के लिए वेबसाइट पर नेविगेट करना और आवेदन प्रक्रिया को जल्दी पूरा करना आसान हो जाएगा।
Posted By: Daily Suraj Bureau