कनाडा: ब्रैम्पटन में फिरौती मांगने और कारोबारी प्रतिष्ठान में आग लगाने के आरोप में पंजाबी मूल का युवक गिरफ्तार

कनाडा: ब्रैम्पटन में फिरौती मांगने और कारोबारी प्रतिष्ठान में आग लगाने के आरोप में पंजाबी मूल का युवक गिरफ्तार

कनाडा की पील रीजनल पुलिस ने ब्रैम्पटन में व्यापारियों से फिरौती मांगने, जान से मारने की धमकियां देने और एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान को आग के हवाले करने के आरोप में पंजाबी मूल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ब्रैम्पटन निवासी जसजीत सिंह के रूप में हुई है, जिसे पुलिस की मेजर क्राइम्स यूनिट (एमसीयू) ने 9 अक्टूबर को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ औपचारिक आरोप तय किए हैं। जांच अधिकारियों के मुताबिक, पीड़ित व्यापारी से बीते अप्रैल महीने से ही लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। पैसे न देने की स्थिति में पीड़ित के परिवार, घर, व्यवसाय और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा हिंसा करने की धमकियां भी दी जा रही थीं। पुलिस का मानना है कि जबरन वसूली की मांगों के बाद पीड़ित पर दबाव बनाने और उसे डराने के उद्देश्य से आरोपी ने कथित तौर पर आगजनी की घटना को अंजाम दिया। इस सिलसिले में 5 सितंबर को तड़के करीब 4:45 बजे पीड़ित के कारोबारी प्रतिष्ठान में आग लगने की सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया था। प्राप्त विवरण के अनुसार, एक व्यक्ति प्रतिष्ठान के बाहर आया और उसने गैरेज के दरवाजे के पास कोई ज्वलनशील तरल पदार्थ छिड़क दिया, जिसे गैसोलीन (पेट्रोल) माना जा रहा है, और इसके बाद उसमें आग लगा दी। इस आगजनी की घटना में व्यावसायिक प्रतिष्ठान और पास में खड़े वाहनों को लगभग 1,00,000 डॉलर का अनुमानित नुकसान पहुंचा था। मामले की गहन तफ्तीश के बाद पुलिस ने आरोपी जसजीत सिंह का पता लगाया और 9 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ जबरन वसूली से संबंधित धाराओं के तहत आरोप दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तारी के पश्चात उसे ब्रैम्पटन स्थित ओंटारियो कोर्ट ऑफ जस्टिस में पेश किए जाने से पहले जमानत की सुनवाई के लिए पुलिस हिरासत में रखा गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस मामले की जांच अभी जारी है और उन्हें आशंका है कि इस अपराध में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पील रीजनल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना या इससे जुड़े किसी अन्य संदिग्ध व्यक्ति के बारे में कोई भी जानकारी है, तो वह उसकी पहचान करने में सहयोग करे और सीधे मेजर क्राइम्स यूनिट से संपर्क करे।