Daily Suraj

हिन्दी

अमृतसर में दो निहंग गुटों में झड़प: बीच-बचाव करने पहुंचीं लेडी थाना प्रभारी से अभद्रता, वीडियो वायरल

19 Sep, 2026 09:45 AM

अमृतसर में दो निहंग गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद स्थिति को संभालने पहुंची पुलिस टीम और गेट हकीमा थाने की एसएचओ (SHO) मनजीत कौर के साथ कथित तौर पर बदसलूकी किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें निहंगों के बीच हाथापाई और महिला थाना प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट कुछ निहंग सिंह धरने पर बैठे हुए थे। इसी दौरान उन्होंने मजीठा सिंह पेटेवाड़ गुट से जुड़े एक निहंग को रेकी करने के शक में रोक लिया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद उक्त निहंग की लाठियों और डंडों से पिटाई की गई तथा थप्पड़ भी मारे गए। पुलिस टीम और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की घटना की सूचना मिलते ही गेट हकीमा थाने की एसएचओ मनजीत कौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। जब पुलिस ने घायल निहंग को प्रदर्शनकारियों के चंगुल से छुड़ाने की कोशिश की, तो प्रदर्शनकारियों और पुलिस टीम के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि बीच-बचाव करने आई महिला एसएचओ के साथ भी निहंगों ने बदसलूकी की। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस घायल निहंग को अपनी गाड़ी में बैठाकर सुरक्षित थाने ले गई। वाहनों की आवाजाही को लेकर शुरू हुआ था विवाद एसएचओ मनजीत कौर के अनुसार, शुक्रवार को यह विवाद सड़क से कुछ गाड़ियों के गुजरने के दावे को लेकर शुरू हुआ था। धरने पर बैठे निहंगों का आरोप था कि वे गाड़ियां मजीठा सिंह के समर्थकों की थीं। हालांकि, मौके पर तैनात ड्यूटी पुलिसकर्मियों के मुताबिक रात के समय वहां से ऐसी कोई गाड़ी नहीं गुजरी थी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद कानून हाथ में लेने और महिला अधिकारी से अभद्रता करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News