कैलिफोर्निया में लापता पंजाबी महिला जैस्मीन औजला गिल की नृशंस हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

कैलिफोर्निया में लापता पंजाबी महिला जैस्मीन औजला गिल की नृशंस हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

अमरीका के कैलिफोर्निया स्थित सैक्रेमेंटो से 30 सितंबर से लापता चल रही पंजाबी मूल की महिला जैस्मीन औजला गिल की बेरहमी से हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। सैक्रेमेंटो काउंटी शेरिफ कार्यालय द्वारा की गई गहन जांच के बाद मृतका के पति गुरिंदर गिल को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैस्मीन के चचेरे भाई ने गत 4 अक्टूबर को उनके लापता होने की आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इससे पहले, 1 अक्टूबर को एल डोराडो काउंटी क्षेत्र से एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ था। पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा की गई जांच तथा पहचान प्रक्रिया के बाद पुष्टि हुई कि वह शव जैस्मीन गिल का ही था। शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपी पति गुरिंदर ने जांच अधिकारियों को गुमराह करने की पूरी कोशिश की। उसने दावा किया था कि जब उसकी पत्नी घर के बाहर मेल चेक कर रही थी, तब अमरीकी इमीग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के एजेंट उसे हिरासत में लेकर चले गए थे। हालांकि, जब जांच अधिकारियों ने संबंधित विभाग (ICE) से संपर्क किया, तो यह बात पूरी तरह झूठी साबित हुई और विभाग ने स्पष्ट किया कि उस पते पर ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को गुरिंदर के बयानों में कई गंभीर विरोधाभास मिले। इसके साथ ही पुलिस को यह भी पता चला कि दोनों पति-पत्नी के बीच तलाक और बच्चे की कस्टडी को लेकर कानूनी विवाद चल रहा था। पुख्ता सबूतों के आधार पर होमीसाइड डिटेक्टिव्स ने अदालत से गिरफ्तारी वारंट हासिल कर 14 अक्टूबर को गुरिंदर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी दोनों रिहाइशों पर तलाशी अभियान भी चलाया है और मामले की आगामी जांच अभी जारी है।