Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब में येलो अलर्ट जारी, पकी फसल पर मौसम का खतरा

27 Mar, 2026 05:13 PM

पंजाब में मार्च महीने के अंतिम दिनों में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम में इस बदलाव की खबर से किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि गेहूं की फसल इस समय पकने के अंतिम चरण में है। ऐसे में बारिश और तेज हवाएं फसल को नुकसान पहुंचा सकती हैं, जिससे किसानों की मेहनत प्रभावित होने का खतरा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 27 मार्च को पंजाब के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 28, 29 और 30 मार्च को राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही इन तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। तापमान की बात करें तो पटियाला राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा चंडीगढ़ में 32.4 डिग्री, लुधियाना में 33.6 डिग्री, अमृतसर में 28.5 डिग्री, गुरदासपुर में 30 डिग्री, नवांशहर में 29.8 डिग्री, बठिंडा में 32.3 डिग्री, फाजिल्का में 28.9 डिग्री, फिरोजपुर में 30.3 डिग्री, होशियारपुर में 29.5 डिग्री, मोहाली में 32.1 डिग्री, पठानकोट में 31.2 डिग्री, रूपनगर में 32.6 डिग्री और फरीदकोट में 33.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News