Daily Suraj

हिन्दी

पाकिस्तान अप्रैल में यूएई का 3.5 अरब डॉलर कर्ज चुकाएगा, तीन किस्तों में भुगतान

04 Apr, 2026 12:43 PM

पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से लिए गए 3.5 अरब डॉलर के कर्ज को अप्रैल माह में चुकाने का निर्णय लिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यह राशि तीन अलग-अलग किस्तों में 11, 17 और 23 अप्रैल को अदा की जाएगी। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब देश के विदेशी मुद्रा भंडार का बड़ा हिस्सा पहले से ही बाहरी सहायता पर निर्भर है। पाकिस्तान सरकार कुछ कर्ज को निवेश में बदलने की संभावना भी तलाश रही है, हालांकि इस संबंध में बातचीत अभी जारी है। पाकिस्तान को यह कर्ज अलग-अलग समय पर प्राप्त हुआ था। वर्ष 2018 में यूएई ने 2 अरब डॉलर का कर्ज दिया था, जिसे कई बार आगे बढ़ाया गया। इसके अलावा, वर्ष 2023 में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की शर्तों को पूरा करने में सहायता के लिए 1 अरब डॉलर की अतिरिक्त राशि प्रदान की गई थी। हाल ही में यूएई ने अपनी कर्ज रोलओवर नीति में बदलाव करते हुए इसे अल्पकालिक विस्तार में परिवर्तित कर दिया है, जिससे पाकिस्तान पर जल्द भुगतान करने का दबाव बढ़ गया है। जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान को केवल अप्रैल माह में ही कुल 4.8 अरब डॉलर का भुगतान करना है, जिसमें एक बड़ा बॉन्ड भी शामिल है। सरकार का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन घटते निर्यात और विदेशी निवेश में कमी जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं।

Latest News