केंद्र पर फंड रोकने का आरोप, अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने का ऐलान
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के चार वर्ष पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार की चार साल की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के साथ ही लोगों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की योजना लागू की गई। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ आज राज्य के लगभग 90 प्रतिशत लोग ले रहे हैं। इसके साथ ही किसानों को खेतों के लिए आठ घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने झारखंड और पिचवाड़ा में बंद पड़ी कोयला खदानों को फिर से शुरू करवाया है और जीवीके थर्मल पावर प्लांट को भी खरीदा गया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पंजाब में 881 आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए गए हैं, जहां अब तक पांच करोड़ से अधिक लोग उपचार करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही लगभग 200 और आम आदमी क्लीनिक खोलने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा लोगों को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए राज्य में स्कूल ऑफ एमिनेंस शुरू किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा अब तक 65,264 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में भूजल पर निर्भरता कम कर नहरी पानी को बढ़ावा देने के लिए 5700 करोड़ रुपये की लागत से नहर प्रणाली को मजबूत किया गया है। इसके परिणामस्वरूप अब राज्य में 78 प्रतिशत खेती नहरी पानी से की जा रही है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के 8,000 करोड़ रुपये के आरडीएफ (RDF) फंड रोके गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को राज्यों को उनका अधिकार देना चाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि पंजाब सरकार अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नशे और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विपक्षी दल गैंगस्टरों के साथ संबंध रखते हैं और उनके रिश्तेदारों को चुनाव टिकट तक देते हैं। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल गैंगस्टरों के रिश्तेदारों को हल्का इंचार्ज तक नियुक्त कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार राज्य से गैंगस्टरवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा धर्म परिवर्तन के खिलाफ कानून लाने के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो राज्य में धर्म के नाम पर विवाद पैदा हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां धर्म के नाम पर टकराव की स्थिति देखी गई है। मुख्यमंत्री ने अमित शाह से अपील करते हुए कहा कि पंजाब एक कृषि प्रधान राज्य है और यहां धर्म के नाम पर संघर्ष की राजनीति नहीं चल सकती।
Posted By: Daily Suraj Bureau