लहरागागा के पास गोवंश से भरा कैंटर पकड़ा गया, 14 गोवंश सुरक्षित; दो कथित तस्कर फरार

लहरागागा के पास गोवंश से भरा कैंटर पकड़ा गया, 14 गोवंश सुरक्षित; दो कथित तस्कर फरार

गुप्त सूचना के आधार पर पटियाला, पातड़ां और लहरागागा की टीमों द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान में गोवंश से भरे एक कैंटर को कब्जे में लेकर 14 गोवंश को सुरक्षित बचा लिया गया। हालांकि वाहन में सवार दो कथित तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला प्रधान डॉ. मुकेश ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कैंटर नंबर HP-73A-5032 खोक्खर कलां से गोवंश लोड कर रवाना होने वाला है। सूचना मिलते ही पटियाला और पातड़ां की टीमों ने खोक्खर कलां में विशेष नाकाबंदी कर दी। उन्होंने बताया कि कैंटर में गोवंश लोड होने के बाद टीमों ने उसका पीछा किया और चालक को वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक तेज गति से कैंटर लेकर भाग निकला। इसके बाद लहरागागा की टीम ने नहर के पास नाका लगाकर वाहन को रोकने का प्रयास किया। कैंटर रुकते ही उसमें सवार दो व्यक्ति वाहन छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके से फरार हो गए। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 14 गोवंश बरामद हुए, जिन्हें सुरक्षित रूप से लहरागागा की गौशाला पहुंचा दिया गया। इस संयुक्त कार्रवाई का नेतृत्व जिला प्रधान डॉ. मुकेश तथा लहरागागा प्रधान कुलदीप कुमार (काला टेलर) ने किया। उन्होंने मांग की कि फरार आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।