पंजाब समेत कई राज्यों में गर्मी का प्रकोप, हीटवेव की चेतावनी
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
देशभर में आने वाले दिनों में तापमान में तेज वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं होने के कारण दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और यह जल्द ही 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया है कि इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इसके साथ ही मध्य, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में लू चलने, अधिक गर्मी और उमस भरे मौसम की स्थिति बन सकती है। बुधवार को महाराष्ट्र के अकोला और कर्नाटक के कलबुर्गी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन के सबसे गर्म स्थानों में शामिल रहा। वहीं, पंजाब के गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 16 अप्रैल की रात से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से 16 से 19 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 17 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी वर्षा की उम्मीद जताई गई है। आईएमडी ने यह भी कहा है कि 15 से 18 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं 15 से 20 अप्रैल के दौरान मध्य भारत में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का अनुमान है। उत्तर-पूर्वी भारत में भी तापमान बढ़ने की संभावना है। इस सप्ताह मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनने की आशंका है। वहीं पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तटीय महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक और केरल में गर्म और उमस भरे मौसम के बने रहने की संभावना है।
Leave a Reply