पंजाब विधानसभा में गूंजा E20 पेट्रोल का मुद्दा, CM भगवंत मान ने केंद्र सरकार को घेरा
पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन एथेनॉल मिश्रित E20 पेट्रोल को लेकर सदन में महत्वपूर्ण प्रस्ताव पेश किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि E20 को बिना किसी अध्ययन और विशेषज्ञों की सलाह के लोगों पर लागू किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस ईंधन को पर्याप्त वैज्ञानिक अध्ययन के बिना लागू किया है। उन्होंने दावा किया कि एक सर्वेक्षण के अनुसार E20 के उपयोग से 67 प्रतिशत वाहनों की माइलेज में कमी आई है, जबकि 45 प्रतिशत वाहनों के इंजन प्रभावित हुए हैं। उनके अनुसार इससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। भगवंत मान ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार स्वयं संसद में स्वीकार कर चुकी है कि E20 के उपयोग से वाहनों की माइलेज कम होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम अमेरिका के साथ हुई बड़ी व्यापारिक डील और कॉरपोरेट कंपनियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने मांग की कि लोगों को शुद्ध पेट्रोल और E20 में से अपनी पसंद का विकल्प चुनने का अधिकार दिया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने E20 पेट्रोल की कीमतों में तत्काल कमी किए जाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए इस मुद्दे पर विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेज रही है, ताकि लोगों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को कम किया जा सके।
Posted By: Daily Suraj Bureau