Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब में जिला परिषद चेयरमैन पदों के लिए आरक्षण घोषित

14 May, 2026 04:25 PM

पंजाब सरकार ने करीब छह महीने बाद जिला परिषदों के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पदों के लिए आरक्षण की घोषणा कर दी है। ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग की ओर से राज्य की 23 जिला परिषदों के लिए आरक्षण संबंधी अधिसूचना जारी की गई है। इससे पहले फरवरी महीने में पंचायत समितियों के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पदों के लिए आरक्षण घोषित किया गया था। पंचायत समितियों के चेयरमैनों के चुनाव के बाद अब संबंधित नोटिफिकेशन भी जारी किए जा रहे हैं। जारी अधिसूचना के अनुसार पंजाब की सात जिला परिषदों में चेयरमैन पद सामान्य वर्ग के लिए रखा गया है, जबकि सात परिषदों में यह पद सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अलावा चार जिला परिषदों की चेयरमैनी अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित की गई है, जबकि पांच परिषदों के चेयरमैन पद एससी वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं। सरकार के इस फैसले में दोआबा क्षेत्र विशेष चर्चा में है, क्योंकि यहां किसी भी जिला परिषद की चेयरमैनी सामान्य वर्ग के लिए नहीं रखी गई है। वहीं मुख्यमंत्री के पैतृक जिले संगरूर की जिला परिषद का चेयरमैन पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। महिलाओं के लिए आरक्षित जिला परिषदों में श्री मुक्तसर साहिब, होशियारपुर, पठानकोट, रूपनगर, शहीद भगत सिंह नगर, मोहाली और बरनाला शामिल हैं। इसी तरह गुरदासपुर, फरीदकोट, फाजिल्का और फिरोजपुर की जिला परिषदों की चेयरमैनी अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित की गई है। इसके अलावा जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, मालेरकोटला और बठिंडा की जिला परिषदों की चेयरमैनी एससी वर्ग के लिए आरक्षित रखी गई है। वहीं अमृतसर, तरनतारन, फतेहगढ़ साहिब, मोगा, पटियाला, संगरूर और मानसा की जिला परिषदों के चेयरमैन पद सामान्य वर्ग के लिए रखे गए हैं। उल्लेखनीय है कि पंजाब में जिला परिषदों और पंचायत समितियों के चुनाव 14 दिसंबर 2025 को आयोजित किए गए थे और इनके परिणाम 17 दिसंबर को घोषित किए गए थे। इससे पहले पिछली सरकार के कार्यकाल में परिषद और समिति चुनाव सितंबर 2018 में हुए थे। मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल के अंतिम वर्ष में जिला परिषदों के चेयरमैन और उप चेयरमैन चुने जाएंगे।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News