Daily Suraj

हिन्दी

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच कनाडा से इज़राइल और दुबई की उड़ानें रद्द

03 Mar, 2026 02:40 PM

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के चलते कई देशों ने अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर व्यापक असर पड़ा है। इसी बीच, कनाडा से इज़राइल और दुबई जाने वाली उड़ानों को भी रद्द कर दिया गया है। अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए एयर कनाडा ने बड़ा फैसला लेते हुए इज़राइल और दुबई के लिए अपनी सभी उड़ानों को 22 मार्च तक के लिए रद्द कर दिया है। एयर कनाडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि मिडिल ईस्ट में मौजूदा सैन्य स्थिति के कारण यह कदम उठाया गया है। कंपनी के अनुसार, सेवाएं 23 मार्च से दोबारा शुरू की जाएंगी। साथ ही एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर अपने कार्यक्रम में बदलाव कर सकती है। एयरलाइन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रावधान भी किए हैं। जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुई हैं, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा को दोबारा निर्धारित (रीशेड्यूल) कर सकते हैं। इसके अलावा, यदि कोई यात्री अपनी यात्रा रद्द करना चाहता है, तो उसे पूरा पैसा वापस (रिफंड) किया जाएगा। एयर कनाडा ने प्रभावित यात्रियों से संपर्क करने और आवश्यक सहायता प्रदान करने की भी बात कही है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News