खतरनाक ड्राइविंग बनी जानलेवा, ट्रक चालक सुखविंदर सिद्धू को जेल

खतरनाक ड्राइविंग बनी जानलेवा, ट्रक चालक सुखविंदर सिद्धू को जेल

कनाडा के ओंटारियो प्रांत में हुए एक भीषण सड़क हादसे में ओलंपिक फिगर स्केटर की मौत और कई अन्य लोगों के घायल होने के मामले में ट्रक चालक सुखविंदर सिद्धू को ढाई साल की जेल की सजा सुनाई गई है। ओरेंजविल की अदालत में बुधवार को सुपीरियर कोर्ट के जस्टिस क्लेटन कॉनलन ने यह फैसला सुनाया। इससे पहले फरवरी महीने में सुखविंदर सिद्धू ने खतरनाक ड्राइविंग के कारण मौत और शारीरिक नुकसान पहुंचाने के आरोप स्वीकार कर लिए थे। यह हादसा अगस्त 2023 में टोरंटो के उत्तर में हुआ था। दुर्घटना में ओलंपिक फिगर स्केटर एलेक्जेंड्रा पॉल की मौत हो गई थी, जबकि उनका छोटा बेटा और कई अन्य लोग घायल हो गए थे। अदालत को बताया गया कि 23 अगस्त 2023 को सिद्धू मेलैंकथन टाउनशिप में काउंटी रोड 124 पर तेज रफ्तार से ट्रक चला रहा था। यह सड़क ओरेंजविल और कॉलिंगवुड के बीच स्थित है। मामले की सुनवाई के दौरान बताया गया कि ट्रक एक निर्माण क्षेत्र में प्रवेश कर गया और वहां खड़े वाहनों से टकरा गया। अदालत में पेश तथ्यों के अनुसार ट्रक लगभग 107 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा था, जबकि उस निर्माण क्षेत्र में गति सीमा 60 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित थी। अदालत में यह भी जानकारी दी गई कि सिद्धू पहले भी कई बार तेज रफ्तार से वाहन चलाने के चालानों का सामना कर चुका था। हादसे के समय वह कम से कम 16 घंटे से लगातार ड्राइविंग कर रहा था और 24 घंटे से अधिक समय से काम कर रहा था। अदालत ने अपने आदेश में यह भी कहा कि जेल की सजा पूरी होने के बाद सुखविंदर सिद्धू पर सात वर्षों तक वाहन चलाने पर प्रतिबंध रहेगा।