देश में फिर सक्रिय होगा दक्षिण-पश्चिम मानसून: 15 से अधिक राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव के चलते 8 सितंबर से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के 15 से अधिक राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की प्रबल संभावना जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा इन क्षेत्रों के लिए चेतावनी और अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिणी गुजरात से लेकर उत्तर प्रदेश के मध्य भाग तक निचले और मध्य वायुमंडल में चक्रवातीय हवाओं का क्षेत्र (साइकलोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है। वायुमंडलीय स्थिति के इस प्रभाव के कारण मंगलवार से कई इलाकों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने का अनुमान है। जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 सितंबर तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान 13 सितंबर को हिमाचल प्रदेश में तथा 10 से 13 सितंबर तक उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अतिरिक्त, बिहार और ओडिशा सहित पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने यह भी सचेत किया है कि पहाड़ी इलाकों में लगातार तेज बारिश के कारण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) का खतरा बन सकता है।
Leave a Reply