अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी, 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी
आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। पंजाब पुलिस ने दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जर्नैल सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, धमकी देने वाले व्यक्ति ने फोन कॉल और व्हाट्सऐप संदेश के जरिए विधायक जर्नैल सिंह से संपर्क किया था। उसने दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से बात कर रहा है। साथ ही उसने विधायक से अरविंद केजरीवाल तक 7 करोड़ रुपये की मांग पहुंचाने को कहा।
पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया है कि 6 नवंबर को जर्नैल सिंह के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। इसके अलावा उन्हें व्हाट्सऐप पर भी एक संदेश भेजा गया। संदेश में स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि यदि 7 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा।
जर्नैल सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके विधायक होने के पद का इस्तेमाल करते हुए उनके माध्यम से अरविंद केजरीवाल तक फिरौती की मांग और जान से मारने की धमकी पहुंचाने की कोशिश की।
विधायक ने पुलिस से मांग की कि धमकी देने वाले व्यक्ति और उसके साथियों की पहचान की जाए। इसके लिए संबंधित मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आईपी लॉग और लोकेशन की जांच की जाए, ताकि आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
जर्नैल सिंह की शिकायत के आधार पर मोहाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।