Daily Suraj

हिन्दी

क्या खरड़ से अनमोल गगन मान का टिकट कट सकता है? सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सियासी चर्चाएं

12 Nov, 2026 02:51 PM

पिछले कई महीनों से मीडिया की सुर्खियों से दूर चल रहीं खरड़ की आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक अनमोल गगन मान एक बार फिर चर्चा में हैं। उनकी हालिया सोशल मीडिया पोस्ट के बाद इलाके की राजनीति में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस पोस्ट को पार्टी के भीतर चल रहे संभावित घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
 

अनमोल गगन मान ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा, “कभी-कभी यह दिखाना बहुत जरूरी हो जाता है कि आपकी नाव में छेद है, ताकि वे सभी लोग उसमें से कूद जाएं, जो आपके साथ रहने के हकदार नहीं हैं।” उनकी इस टिप्पणी के बाद खरड़ के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
 

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व ने खरड़ विधानसभा क्षेत्र में परमिंदर सिंह गोल्डी को नया हलका इंचार्ज नियुक्त किया है। नियुक्ति के बाद गोल्डी ने क्षेत्र में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं और लगातार विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन कर रहे हैं।
 

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि अधिकारी और पार्षद अब नए हलका इंचार्ज के साथ जुड़ने लगे हैं, जबकि मौजूदा विधायक अनमोल गगन मान की राजनीतिक सक्रियता पहले की तुलना में कम दिखाई दे रही है। हालांकि, इस संबंध में किसी आधिकारिक पुष्टि की जानकारी नहीं है।
 

अनमोल गगन मान की पोस्ट के अलग-अलग राजनीतिक अर्थ निकाले जा रहे हैं। कुछ लोग इसे पार्टी के भीतर संभावित मतभेदों से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या आगामी विधानसभा चुनाव में उनका टिकट प्रभावित हो सकता है।
 

फिलहाल, विधायक की पोस्ट के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। खरड़ की राजनीति में चल रही इन चर्चाओं और अटकलों पर आने वाले समय में ही स्थिति साफ हो सकेगी।

Latest News