Daily Suraj

हिन्दी

अमृतसर में बड़ी कार्रवाई: 12 किलो नशा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

23 Feb, 2026 06:24 PM

पंजाब को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत अमृतसर में काउंटर इंटेलिजेंस (CI) टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 किलो हेरोइन और 6 किलो ICE (क्रिस्टल मेथामफेटामाइन) बरामद की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रताप सिंह (गांव सुरसिंह वाला, फिरोजपुर), अजयपाल सिंह (गांव कोहाला, अमृतसर) और जोबनदीप सिंह (गांव खियाला कलां, अमृतसर) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (PB02FE1185) और सफेद रंग की एक्टिवा (PB02ET8995) भी जब्त की है, जिनका इस्तेमाल नशे की खेप को ढोने में किया जा रहा था। डीजीपी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रताप सिंह और अजयपाल सिंह सीधे पाकिस्तान स्थित एक तस्कर के संपर्क में थे। ये आरोपी ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी गई नशे की खेप को अमृतसर के गांव अटलगढ़ और रत्तन के फेंसिंग एरिया से उठाते थे और आगे राज्य में सप्लाई करते थे। पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी हाल ही में ड्रोन के जरिए बड़ी खेप प्राप्त कर चुके हैं और इसे गांव पाधरी स्थित श्मशान घाट के पास अपने साथी जोबनदीप सिंह को देने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सीआई अमृतसर की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा और तीनों आरोपियों को 6 किलो हेरोइन और 6 किलो ICE सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि इस मामले में आगे और गहराई से जांच की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस मामले में पुलिस थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एफआईआर नंबर 10 दिनांक 23.02.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News