करणवीर बोहरा के परिवार पर दुखों का पहाड़, पिता महेंद्र बोहरा का हुआ निधन

करणवीर बोहरा के परिवार पर दुखों का पहाड़, पिता महेंद्र बोहरा का हुआ निधन

टीवी और फिल्म अभिनेता करणवीर बोहरा के पिता तथा फिल्म निर्माता महेंद्र बोहरा का निधन हो गया है। उनके निधन की जानकारी स्वयं करणवीर बोहरा ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी। अभिनेता ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पिता को श्रद्धांजलि देते हुए एक भावुक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने अपने पिता के प्रति गहरा प्रेम और सम्मान व्यक्त किया। पोस्ट सामने आने के बाद उनके प्रशंसक और कई लोग कमेंट कर अभिनेता के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। करणवीर बोहरा ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “लव यू डैड। मुझे आपकी बहुत याद आएगी। जिसने भी अपने माता-पिता को खोया है, वह इस दर्द को समझ सकता है। लेकिन इस दुख के बीच मुझे यह सुकून है कि आपने एक अच्छी और पूर्ण जीवन जिया।” उन्होंने आगे लिखा कि उनके पिता अक्सर कहा करते थे कि वे इस दुनिया से शांति से और बिना किसी तकलीफ के विदा होना चाहते हैं, और वैसा ही हुआ। अभिनेता ने बताया कि उनके पिता ने उन्हें और उनकी बहन को सिखाया कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। अगर जीवन में गिरें तो दोबारा खड़े होना चाहिए और जिंदगी को जोश और सकारात्मकता के साथ जीना चाहिए। करणवीर बोहरा ने यह भी कहा कि उनके पिता ने उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करने की प्रेरणा दी। बताया जाता है कि महेंद्र बोहरा लंबे समय से हिंदी फिल्म उद्योग से जुड़े हुए थे। उन्होंने निर्माता के रूप में ‘तेजा’ और ‘प्यार का कर्ज’ जैसी फिल्मों में काम किया था।