Daily Suraj

हिन्दी

मोहाली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर CM भगवंत मान ने वायरल वीडियो पर पेश किए सबूत

25 Jun, 2026 03:51 PM

वायरल वीडियो को लेकर जारी विवाद के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को मोहाली में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने कई सबूत पेश करने का दावा किया और स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति वह नहीं हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वायरल वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति के चेहरे पर मास्क लगाया गया है। उन्होंने कहा कि उस व्यक्ति की गर्दन पर कोई निशान दिखाई नहीं देता, जबकि ऐसा निशान भी बनाया जाना चाहिए था। उन्होंने यह भी कहा कि आंखों पर चश्मा इसलिए पहनाया गया है क्योंकि आंखों के हिस्से पर मास्क लगाना संभव नहीं होता। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति का कद और रंग-रूप भी उनसे मेल नहीं खाता। उनके अनुसार यह वीडियो कनाडा के किसी होटल का कमरा बुक करके शूट की गई है। भगवंत मान ने आरोप लगाया कि उन्हें धार्मिक आधार पर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोधी उनका राजनीतिक रूप से मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए इस तरह के तरीके अपनाए जा रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के कामकाज का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जितने विकास कार्य किए हैं, उतने पहले की सरकारें नहीं कर सकीं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल मिलकर लोगों के मन में उनके प्रति नफरत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News