तरनतारन में दुकान पर खड़े युवक पर अंधाधुंध फायरिंग, स्थिति गंभीर
पंजाब के तरनतारन जिले के गांव ठठियां महंतां में शुक्रवार देर रात गोलीबारी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक दुकान के पास खड़े युवक पर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने अचानक गोलियां चला दीं। इस अंधाधुंध फायरिंग में कई गोलियां लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान गांव ठठियां महंतां के निवासी पवनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। यह घटना शुक्रवार रात लगभग 10 बजे की बताई जा रही है, जब पवनप्रीत गांव के नंबरदार तरसेम सिंह की दुकान पर खड़ा था। उसी दौरान बाइक पर आए दो अज्ञात युवकों ने उसे निशाना बनाते हुए गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए। घायल युवक निजी अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच शुरू घटना के तुरंत बाद घायल पवनप्रीत सिंह को उपचार के लिए सरहाली के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तरनतारन रेफर कर दिया। फिलहाल वह तरनतारन के गुरु नानक देव सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज जारी है। वारदात की सूचना मिलते ही सरहाली थाने की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है।