पंजाब में राशन सुविधा को बढ़ावा: ‘मेरी रसोई’ योजना लागू करने का ऐलान

पंजाब में राशन सुविधा को बढ़ावा: ‘मेरी रसोई’ योजना लागू करने का ऐलान

पंजाब सरकार ने राज्य के जरूरतमंद परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से ‘मेरी रसोई’ योजना शुरू करने की घोषणा की है। यह फैसला मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में हुई कैबिनेट बैठक के बाद लिया गया। कैबिनेट बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए इस योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत राज्य के लगभग 40 लाख परिवारों को लाभ मिलेगा। सरकार द्वारा एक विशेष फूड किट तैयार की जाएगी, जिसे नीले कार्ड धारकों में वितरित किया जाएगा। सरकार द्वारा दी जाने वाली इस फूड किट में गेहूं के साथ-साथ 2 किलो उड़द-चना दाल, 2 किलो चीनी, 1 किलो आयोडीन युक्त नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और एक लीटर सरसों का तेल शामिल होगा। इस योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को बुनियादी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है, ताकि उनके दैनिक जीवन पर आर्थिक बोझ कम किया जा सके। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के आगामी बजट सत्र की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि बजट सत्र 6 मार्च से शुरू होगा और 16 मार्च तक चलेगा।