पंजाब में गैंगस्टरों पर शिकंजा: AGTF के गठन से अब तक 3,339 अपराधी गिरफ्तार, 41 मुठभेड़ में ढेर

पंजाब में गैंगस्टरों पर शिकंजा: AGTF के गठन से अब तक 3,339 अपराधी गिरफ्तार, 41 मुठभेड़ में ढेर

पंजाब में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की मुहिम रंग लाती दिख रही है। पिछले करीब साढ़े चार वर्षों के दौरान राज्य में औसतन हर महीने 60 गैंगस्टर या रोजाना दो अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 6 अप्रैल 2022 को गठित एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के बाद से 10 नवंबर 2026 तक कुल 3,339 गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि 6 अप्रैल 2022 से शुरू हुए इस चौतरफा अभियान के दौरान पुलिस ने 3,339 अपराधियों को गिरफ्तार किया, मुठभेड़ में 41 गैंगस्टरों को ढेर किया और 1,293 आपराधिक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने में सफलता पाई। सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से चलाया जा रहा यह एक केंद्रित ऑपरेशन है। इन अपराधियों को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और कनाडा व अन्य देशों में बैठे भारत-विरोधी तत्वों से सक्रिय रूप से सहायता मिल रही है, जिसे रोकने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। हथियार, वाहन बरामदगी और AGTF का योगदान कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से 2,525 अवैध हथियार और 755 वाहन जब्त किए हैं। इस कुल आंकड़े में अकेले AGTF की भूमिका काफी अहम रही है, जिसने 503 गिरफ्तारियां कीं, 10 गैंगस्टरों को ढेर किया, 196 मॉड्यूल ध्वस्त किए और 421 हथियार तथा 121 वाहन बरामद किए। शेष कार्रवाई फील्ड यूनिटों की ओर से की गई, जिसमें 2,836 गिरफ्तारियां, 31 अपराधियों का खात्मा, 1,097 मॉड्यूल का खात्मा, 2,104 हथियार और 634 वाहन शामिल हैं। विदेशी धरती से 17 गैंगस्टरों का प्रत्यर्पण पंजाब पुलिस की विशेष अंतरराष्ट्रीय ट्रैकिंग विंग के प्रयासों से अब तक 17 खूंखार गैंगस्टरों को विदेशों से डिपोर्ट या प्रत्यर्पित (Extradited) कर भारत लाया जा चुका है। इनमें यूएई से विक्की बराड़, अमेरिका से अनमोल बिश्नोई, अजरबैजान से सचिन थापन उर्फ सचिन बिश्नोई, इंडोनेशिया से जोबन बिला और मलेशिया से जस्सा बहबल प्रमुख हैं। इसके अलावा कनाडा, फिलीपींस, हांगकांग, आर्मेनिया, मोल्दोवा और मध्य एशिया से भी भगोड़ों को लाया गया। इथियोपिया से वापस लाया गया गुरविंदर सिंह उर्फ अफ्रीदी अफ्रीका महाद्वीप से पहला ऐसा मामला था। पुलिस ने NCB-इंडिया के जरिए 49 रेड कॉर्नर नोटिस और 9 ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी करवाए हैं। इनामी अपराधियों की सूची और सक्रिय गिरोह पंजाब पुलिस ने 28 सबसे वांछित अपराधियों की पहली इनामी सूची जारी की है, जिनमें से 9 पर 10 लाख रुपये और 19 पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित है। इनमें से जोबन बिला, आदित्य कपूर, शक्ति कुमार, जसकरण सिंह, राजिंदर सिंह और अफ्रीदी समेत 6 को दबोचा जा चुका है। हालांकि, गोल्डी बराड़, लखबीर सिंह उर्फ लंडा हरीके, हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा, सतबीर सिंह, बलविंदर सिंह, प्रभदीप सिंह, गौरव पटियाल उर्फ लक्की पटियाल, सरवण सिंह और रोहित गोदारा जैसे 10 लाख की श्रेणी वाले नाम अभी भी रडार पर हैं। राज्य में फिलहाल 9 मुख्य आपराधिक गिरोह सक्रिय हैं, जिनका संचालन मुख्य रूप से विदेश में बैठे सरगना कर रहे हैं। इनमें बंबीहा गिरोह, गोपी घनशामपुरिया गिरोह, जग्गू भगवानपुरिया गिरोह, हैरी चट्ठा गिरोह, रिंदा गिरोह, लॉरेंस बिश्नोई व आरज़ू बिश्नोई गिरोह, तथा गोल्डी बराड़ व रोहित गोदारा गिरोह शामिल हैं। हेल्पलाइन और निवारक कार्रवाई AGTF की आधिकारिक व्हाट्सएप हेल्पलाइन (93946-93946) पर अब तक 1,028 शिकायतें मिली हैं, जिनमें से 823 (80 प्रतिशत) का निपटारा किया जा चुका है। इन शिकायतों के आधार पर 97 प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर 12 गिरफ्तारियां की गई हैं। इसके अलावा पुलिस ने 24 लोगों को निवारक हिरासत (Preventive Detention) में लिया है और 119 संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाती है और ठोस जानकारी देने पर नकद इनाम भी दिया जाता है।