पंजाब में बढ़ेगी गर्मी, अगले दिनों में तापमान में 5 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव
इन दिनों पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है। कुछ क्षेत्रों में हल्की ठंड का अहसास हो रहा है, जबकि दोपहर के समय तेज धूप के कारण गर्मी जैसी स्थिति बन रही है। मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। हालांकि इसमें 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट भी देखी गई। मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बावजूद गर्मी का असर लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। भारत मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत, जिसमें पंजाब और चंडीगढ़ शामिल हैं, में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि यह स्थिति उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय एक नई पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जुड़ी हुई है। इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण 4 मार्च से हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है, लेकिन पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है। 7 मार्च तक प्रदेश में बारिश या बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं। चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, राज्य में फिलहाल मौसम शुष्क ही बना रहेगा। अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, इसके बाद धीरे-धीरे तापमान बढ़ने की संभावना है। साथ ही तेज सतही हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
Posted By: Daily Suraj Bureau