बिहार में दिल दहला देने वाली घटना: छठ पूजा का प्रसाद जूठा करने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीट-पीटकर मार डाला
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
): बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव में छठ पूजा के लिए तैयार किए जा रहे प्रसाद को जूठा करने पर गुस्साई एक मां ने अपनी चार साल की बेटी की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को हिरासत में ले लिया है।
मृतक बच्ची की पहचान वार्ड नंबर 12 निवासी राजू पासवान की बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य छठ पूजा के लिए घर के पास घाट तैयार करने गए हुए थे, जबकि रीना कुमारी घर में पूजा का प्रसाद बना रही थी।
बच्ची के पिता राजू पासवान ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान चार वर्षीय सुहानी ने प्रसाद के लिए तैयार किए जा रहे पकवान को जूठा कर दिया। इस बात से नाराज होकर उसकी मां ने बच्ची की बुरी तरह पिटाई कर दी। कुछ ही समय बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद परिवार में छठ पूजा की तैयारियों के बीच खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। बेटी की मौत से दुखी पिता राजू पासवान ने अपनी पत्नी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब उनकी बेटी ही इस दुनिया में नहीं रही तो ऐसी पूजा का क्या महत्व रह गया। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने बाकी दो बच्चों, सात वर्षीय बेटी शिवानी और डेढ़ वर्षीय बेटे राजा कुमार का पालन-पोषण अकेले कर लेंगे।
घटना की जानकारी मिलते ही पूसा थाना प्रभारी रमेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी मां को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
Leave a Reply