अमृतसर में अवैध हथियार तस्करी का भंडाफोड़, 5 पिस्तौल समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सरहद पार अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल एक मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच आधुनिक पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमृतसर के गांव भिंडी नैण निवासी शेरा सिंह (26) और गांव तूर निवासी जगरूप सिंह उर्फ जूपा (21) के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में एक .30 बोर पीएक्स 5 स्टॉर्म पिस्तौल, एक ऑस्ट्रिया निर्मित ग्लॉक पिस्तौल, दो .30 बोर चीनी नोरिंको पिस्तौल और एक .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं। डीजीपी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान-आधारित तस्करों के संपर्क में थे। उनके निर्देशों पर ये आरोपी अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर आगे अपराधी तत्वों तक सप्लाई करते थे। मामले में नेटवर्क के अन्य कड़ियों की पहचान के लिए जांच जारी है। कार्रवाई के विवरण साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर बाईपास रोड पर साढ़ा पिंड के पास विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान दोनों आरोपियों को एक ग्लॉक पिस्तौल और एक .30 बोर पीएक्स 5 स्टॉर्म पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया गया। आगे की पूछताछ में आरोपियों के खुलासे के आधार पर तीन अन्य पिस्तौल भी बरामद किए गए। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि दोनों आरोपी अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक रहते थे, जिससे उनके लिए हथियारों की खेप हासिल करना आसान हो जाता था। आरोपी ड्रोन के माध्यम से भेजी गई खेप को रात के समय सुनसान स्थानों से उठाते थे ताकि वे पुलिस की नजरों से बच सकें। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी शेरा सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। उस पर एक युवती के साथ दुष्कर्म, हत्या और शव को जलाने जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं। इसके अलावा एक अन्य मामले में उससे लगभग 500 ग्राम हेरोइन भी बरामद की जा चुकी है।
Posted By: Daily Suraj Bureau