भारत दौरे के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भारत के सफल दौरे के बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो गए हैं। दिल्ली से करीब पौने तेरह घंटे की सीधी उड़ान के बाद उनका विमान आज सिडनी पहुंचने वाला है। बताया गया है कि प्रधानमंत्री कार्नी भारत में चार दिनों तक रहे। इस दौरान उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। दोनों नेताओं की मुलाकात सोमवार सुबह हैदराबाद हाउस में हुई, जहां द्विपक्षीय संबंधों को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और कनाडा के बीच निवेश और व्यापार समझौते को लेकर बातचीत हुई है। इसके अलावा, सिविल परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में यूरेनियम की दीर्घकालिक आपूर्ति के लिए एक ऐतिहासिक समझौता भी किया गया है। दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। साथ ही, दोनों देशों ने छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों और उन्नत रिएक्टर तकनीकों के विकास में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। कृषि, कृषि प्रौद्योगिकी और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में मूल्य संवर्धन भी साझा प्राथमिकताओं में शामिल है। पश्चिम एशिया में ईरान से जुड़े तनावपूर्ण हालात पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत क्षेत्र में बढ़ते तनाव को लेकर चिंतित है और वैश्विक शांति व स्थिरता का समर्थन करता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हर समस्या का समाधान संवाद के माध्यम से ही संभव है।
Posted By: Daily Suraj Bureau