तरनतारन में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, दो पोकलेन मशीनें और चार ट्रॉलियां जब्त
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
जिले के पट्टी क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने दो पोकलेन मशीनों को अपने कब्जे में लिया है। इसके अलावा मौके से मिट्टी से भरी चार ट्रॉलियां भी जब्त की गई हैं। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कार्यकारी इंजीनियर-कम-जिला माइनिंग अधिकारी साहिल कुमार की शिकायत पर थाना सदर पट्टी पुलिस ने कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से खनन करने के आरोप में सुखदेव सिंह निवासी घड़का, थाना चोहला साहिब और बलविंदर सिंह निवासी माल चक्क, थाना गोइंदवाल साहिब के खिलाफ केस दर्ज किया है। बंद साइट को कथित तौर पर खुद ही चालू कर शुरू किया खनन साहिल कुमार ने थाना सदर पट्टी के एसएचओ को पत्र के माध्यम से बताया कि पट्टी क्षेत्र के गांव कुत्तीवाला स्थित डीसिल्टिंग साइट को बंद कर दिया गया था। आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित लोगों ने साइट को खुद ही दोबारा चालू कर वहां खनन शुरू कर दिया। साहिल कुमार के नेतृत्व में विभाग की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और वहां से दो पोकलेन मशीनें अपने कब्जे में ले लीं। फैक्ट्री मालिक और जमीन मालिक के खिलाफ केस दर्ज जिस स्थान पर कथित तौर पर अवैध खनन किया जा रहा था, उसके नजदीक ‘चढ़दी कला टाइल फैक्ट्री’ स्थित है। जानकारी के अनुसार इस फैक्ट्री का मालिक बलविंदर सिंह है, जबकि जिस जमीन से खनन किया जा रहा था, उसका मालिक सुखदेव सिंह निवासी घड़का बताया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 3(5) और माइनिंग एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी अभी फरार, जांच जारी मामले की आगे की जांच कर रहे एएसआई गुरपाल सिंह ने बताया कि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हालांकि विभाग की ओर से दोनों पोकलेन मशीनें जब्त कर ली गई हैं। इसके अलावा मौके पर मिट्टी से भरी चार ट्रॉलियां भी विभाग की टीम ने अपने कब्जे में ली हैं। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
Leave a Reply