चक्का जाम से पंजाब में परिवहन व्यवस्था प्रभावित, यात्रियों को होगी परेशानी

चक्का जाम से पंजाब में परिवहन व्यवस्था प्रभावित, यात्रियों को होगी परेशानी

पंजाब में पनबस और पीआरटीसी के कच्चे कर्मचारियों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर 10 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। पीआरटीसी के कच्चे कर्मचारी भी इस आंदोलन में शामिल हो रहे हैं। कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन की ओर से पूरे प्रदेश में चक्का जाम का आह्वान किया गया है। कर्मचारियों में सरकार की किलोमीटर योजना को लेकर नाराजगी है। उनकी प्रमुख मांगों में किलोमीटर योजना के तहत संचालित बसों का विरोध, कच्चे कर्मचारियों को तत्काल पक्का करना तथा निलंबित या सेवा से हटाए गए कर्मचारियों की बहाली शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिसके चलते उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है। आज दो बड़ी परिवहन यूनियनों के एक साथ हड़ताल पर जाने के कारण पंजाब भर में यात्रियों और आम लोगों को आवागमन संबंधी गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। सरकारी बस सेवाओं के प्रभावित होने से विभिन्न मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ने की आशंका है। कर्मचारियों ने सरकार के प्रति गहरा रोष व्यक्त करते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे 11 जून को मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करेंगे।