हरियाणा में शहीद ऊधम सिंह को नमन, कृषि मंत्री ने बताया देशभक्ति और स्वाभिमान की अमर मिसाल

हरियाणा में शहीद ऊधम सिंह को नमन, कृषि मंत्री ने बताया देशभक्ति और स्वाभिमान की अमर मिसाल

हरियाणा कंबोज सभा की ओर से रादौर स्थित कंबोज धर्मशाला में शहीद-ए-आज़म ऊधम सिंह के शहीदी दिवस को समर्पित राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य पालन तथा पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा और कुरुक्षेत्र से लोकसभा सांसद नवीन जिंदल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों और अन्य गणमान्य लोगों ने शहीद ऊधम सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए और देश की आज़ादी के लिए उनके अद्वितीय बलिदान को याद किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन यह संदेश देता है कि कठिन परिस्थितियां किसी महान व्यक्तित्व के निर्माण में बाधा नहीं बनतीं, बल्कि प्रेरणा का स्रोत बनती हैं। उन्होंने कहा कि भारत की आज़ादी उन स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों की मजबूत नींव पर खड़ी है, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद नवीन जिंदल ने घोषणा की कि शहीद ऊधम सिंह की जन्मस्थली पर देश की शान और सम्मान के प्रतीक के रूप में 108 फीट ऊंचा तिरंगा स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कंबोज धर्मशाला को 21 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की भी घोषणा की। हरियाणा कंबोज महासभा के अध्यक्ष सुमेर चंद कंबोज ने इस अवसर को समाज के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करते हैं। समारोह में यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।