Daily Suraj

हिन्दी

बेलो होरिज़ोंटे में प्लेन क्रैश, पायलट समेत तीन लोगों की जान गई

05 May, 2026 02:18 PM

ब्राज़ील के शहर बेलो होरिज़ोंटे में सोमवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार एक छोटा विमान उड़ान के दौरान एक रिहायशी इमारत से टकरा गया। रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में पायलट और सह-पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। विमान में सवार तीन अन्य लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। बाकी दो घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय अस्पताल प्रशासन के अनुसार घायलों का इलाज जारी है। वहीं, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विमान सीधे इमारत से टकराया, लेकिन इसके बावजूद इमारत के अंदर मौजूद किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। इमारत को नुकसान जरूर पहुंचा, लेकिन वह ढहने से बच गई और फिलहाल उसके गिरने का कोई खतरा नहीं है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में विमान को धीरे-धीरे नीचे आते देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि विमान ने ऊंची इमारतों से बचने के लिए बाईं ओर मोड़ लिया, लेकिन अंततः वह एक तीन मंजिला इमारत से टकराकर पार्किंग क्षेत्र में जा गिरा। फायर ब्रिगेड के अनुसार, विमान इमारत के सीढ़ियों वाले हिस्से से टकराया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बचाव हो सका और अधिक जनहानि नहीं हुई।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News