जंडियाला गुरु में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोलीकांड का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

जंडियाला गुरु में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोलीकांड का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

जंडियाला गुरु के निकट गांव जानियां मोड़ पर शुक्रवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोलीबारी के एक मामले में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लवप्रीत सिंह पुत्र मंगल सिंह, निवासी ज्योतिसर कॉलोनी, जंडियाला गुरु के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी स्थानीय शेखूपुरा मोहल्ले में एक घर पर गोलीबारी करने वाले बदमाशों में शामिल था। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी जंडियाला गुरु बलजीत सिंह और एसएचओ हरपाल सिंह ने बताया कि शेखूपुरा मोहल्ले में करीब 36 घंटे पहले एक घर पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। डीएसपी ने बताया कि एसएचओ हरपाल सिंह के नेतृत्व में जानियां मोड़ पर नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान दूसरी ओर से मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। घायल होने के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 30 बोर की पिस्तौल, तीन कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। डीएसपी बलजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं।