प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश के भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आंध्र प्रदेश के अमरावती पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग 18,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में भोगापुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी शामिल है। प्रधानमंत्री ने सबसे पहले भोगापुरम हवाई अड्डे की सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस हवाई अड्डे का डिज़ाइन चुटीलू कॉटेज से प्रेरित बताया गया है। विजयनगरम जिले के भोगापुरम में निर्मित यह हवाई अड्डा लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसके बाद प्रधानमंत्री ने एक रोड शो में भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'X' पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि भोगापुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करना उनके लिए अत्यंत खुशी की बात है। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक परियोजना बताते हुए कहा कि यह आंध्र प्रदेश में कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और राज्य के विकास को नई गति प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह हवाई अड्डा उन्नत बुनियादी ढांचे और अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुगम यात्रा अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को भी बड़ा बढ़ावा देगी। साथ ही उन्होंने उल्लेख किया कि टर्मिनल भवन आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है। महान अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर स्थापित यह हवाई अड्डा देश की विरासत पर गर्व और भविष्य के प्रति आशावाद का प्रतीक है। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम इसके बाद कर्नाटक के मैसूर जाने का भी है। वह दोपहर 3:30 बजे श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र – विवेक स्मारक का उद्घाटन भी करेंगे।
Posted By: Daily Suraj Bureau