Daily Suraj

हिन्दी

सऊदी अरब जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर: एयर इंडिया ने 31 दिसंबर तक बढ़ाई उड़ानों पर रोक

29 Nov, 2026 03:42 PM

मध्य पूर्व क्षेत्र में जारी सुरक्षा स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया ने सऊदी अरब के प्रमुख शहरों जेद्दाह, दम्मम और रियाद के लिए अपनी सभी आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 31 दिसंबर, 2026 तक बढ़ा दिया है। हालांकि, यात्रियों को आंशिक राहत देते हुए एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घोषणा की है कि वह दो दिसंबर से जेद्दाह के लिए अपनी हवाई सेवाएं चरणबद्ध तरीके से फिर से शुरू करेगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जेद्दाह के लिए सेवाएं बहाल होने के बावजूद रियाद और दम्मम के लिए उसकी आने-जाने वाली उड़ानें भी 31 दिसंबर तक निलंबित रहेंगी। गौरतलब है कि क्षेत्र में मौजूदा सुरक्षा संकट और हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के कुछ शहरों व बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए हमलों के कारण हाल के हफ्तों में सऊदी अरब की हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। एयर इंडिया ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (X) पर एक आधिकारिक पोस्ट साझा करते हुए यात्रियों को इस फैसले की जानकारी दी। एयरलाइन ने कहा कि क्षेत्र की वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए जेद्दाह, दम्मम और रियाद के लिए हमारी उड़ानें 31 दिसंबर, 2026 तक स्थगित रहेंगी। दूसरी ओर, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि वह चरणबद्ध तरीके से जेद्दाह की उड़ानों को बहाल करने जा रही है। इस योजना के तहत दो दिसंबर से जेद्दाह और मंगलुरु के बीच सप्ताह में तीन उड़ानों का संचालन शुरू किया जाएगा।

Latest News