मुखर्जी परिवार में छाया मातम: मशहूर प्लेबैक सिंगर और रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का निधन
बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री रानी मुखर्जी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां कृष्णा मुखर्जी का मंगलवार दोपहर 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही मुखर्जी परिवार और मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। दुख की इस घड़ी में परिवार ने लोगों से गोपनीयता (प्राइवेसी) बनाए रखने की अपील की है। इस दुखद समाचार की आधिकारिक जानकारी यश राज फिल्म्स (YRF) ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर दी है। जारी किए गए बयान में कहा गया, "अत्यंत दुखी मन के साथ हम यह साझा कर रहे हैं कि रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी (75) का मंगलवार दोपहर निधन हो गया है। परिवार इस कठिन समय में आपके प्यार, प्रार्थनाओं और सहयोग के लिए दिल से आभारी है और दुख की इस घड़ी में निजता (प्राइवेसी) का सम्मान करने का विनम्र अनुरोध करता है।" गौरतलब है कि कृष्णा मुखर्जी बंगाली सिनेमा की एक प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर (पार्श्व गायिका) रह चुकी थीं। वह अक्सर अपनी बेटी रानी मुखर्जी के साथ विभिन्न सार्वजनिक और फिल्मी कार्यक्रमों में नजर आती थीं। उनके अचानक चले जाने से पूरे मुखर्जी परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।
Posted By: Daily Suraj Bureau