Daily Suraj

हिन्दी

इंटरपोल नोटिस के बाद यूएई से पकड़ा गया आरोपी, पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई

10 Apr, 2026 06:18 AM

कमल कौर भाभी हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत लाकर पंजाब पहुंचा दिया गया है। यह कार्रवाई बठिंडा पुलिस की टीम द्वारा यूएई अधिकारियों के सहयोग से की गई। जानकारी के अनुसार, अमृतपाल सिंह मेहरों को इस वर्ष जनवरी में शारजाह पुलिस ने वीजा से जुड़े एक मामले में पूछताछ के दौरान हिरासत में लिया था। इसके बाद उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें कानूनी औपचारिकताओं के कारण कुछ समय लगा। अब उसे सफलतापूर्वक पंजाब लाया गया है। गौरतलब है कि 11 जून 2025 को बठिंडा के आदेश अस्पताल की पार्किंग में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। इस मामले में अमृतपाल सिंह मेहरों और उसके तीन साथियों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पहले ही तीन अन्य आरोपियों—जसप्रीत सिंह, निमरतजीत सिंह और रणजीत सिंह—को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अमृतपाल सिंह मेहरों घटना के बाद विदेश फरार हो गया था और लंबे समय से यूएई में रह रहा था। जब लंबे समय तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी, तो 7 फरवरी को बठिंडा की अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। इसके बाद पंजाब पुलिस ने इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया। इसी प्रक्रिया के तहत अब उसे यूएई से गिरफ्तार कर भारत लाया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से आगे की पूछताछ की जाएगी, जिससे मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News