नवजोत सिद्धू की पत्नी का बड़ा कदम, ‘भारतीय राष्ट्रीय पार्टी’ का ऐलान
पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष Navjot Singh Sidhu की पत्नी Navjot Kaur Sidhu ने नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया है। डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट साझा कर इस नई पार्टी की घोषणा की। उन्होंने ‘भारतीय राष्ट्रीय पार्टी’ नाम से एक फोटो भी साझा की, जिसके जरिए उन्होंने अपने नए राजनीतिक कदम की जानकारी दी। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि राष्ट्रीय स्तर पर एक नया विकल्प तैयार करने के लिए काम किया गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक नेताओं के प्रदर्शन के मानकों का गहन अध्ययन और मूल्यांकन किया गया है। उनका उद्देश्य देश की सेवा करना और लोगों को वह देना है, जिसके वे वास्तविक हकदार हैं और जिसकी उनसे अपेक्षा की जाती है। डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने यह घोषणा देर रात सोशल मीडिया पर की। हालांकि, इस घोषणा के दौरान उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू उनके साथ नजर नहीं आए। गौरतलब है कि नवजोत कौर सिद्धू को पिछले वर्ष कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
Posted By: Daily Suraj Bureau