पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पिस्तौल, रिवॉल्वर और अफीम समेत तीन तस्कर काबू
कोट ईसे खां पुलिस ने हथियारों और नशे की तस्करी में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध हथियार, नशीले पदार्थ और नकदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह और लवदीप सिंह (पुत्र अमरजीत सिंह, निवासी शाह अब्बू बोकर) तथा एक अन्य लवदीप सिंह (पुत्र मेजर सिंह, निवासी सूदा थाना मखू) के रूप में हुई है। बताया गया है कि ये सभी आरोपी मखू क्षेत्र से संबंधित हैं और पहचान छिपाकर किराए के मकान में कोट ईसे खां में रह रहे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर देर शाम कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्तौल, एक रिवॉल्वर, 16 जिंदा कारतूस, आधा किलोग्राम अफीम, एक लाख रुपये की ड्रग मनी तथा एक वाहन बरामद किया गया। इस संबंध में डीएसपी जसविंदर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को लंबे समय से इन आरोपियों की तलाश थी और ये भेष बदलकर रह रहे थे। थाना प्रभारी सुनीता बावा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उन्हें उस समय गिरफ्तार किया जब वे किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले से ही नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। यह कार्रवाई पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के अंतर्गत की गई है, जिसकी निगरानी जिला पुलिस प्रमुख अजे गांधी कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले दो दिन पूर्व इसी पुलिस ने 250 किलोग्राम हेरोइन के साथ दो अन्य तस्करों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी।
Posted By: Daily Suraj Bureau