पंजाब पुलिस का कांस्टेबल 525 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार, दो अन्य साथी भी काबू
पंजाब के भिखीविंड के पास सीमा सुरक्षा बल (BSF) और खालड़ा थाना पुलिस ने एक संयुक्त नाकेबंदी के दौरान पंजाब पुलिस के एक कांस्टेबल समेत तीन लोगों को 525 ग्राम अफीम और एक बोलेरो गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी भिखीविंड अतुल सोनी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अड्डा बासरके के पास चलाई जा रही संयुक्त नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी से 525 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह पुत्र भाग सिंह (निवासी सनेर), जगबीर सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह (निवासी वइयां) और अमरजीत सिंह पुत्र इकबाल सिंह (निवासी सलानी, जिला फिरोजपुर) के रूप में हुई है। इनमें से आरोपी अमरजीत सिंह पंजाब पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। इस घटना के सामने आने के बाद पूर्व कांग्रेसी विधायक कुलबीर सिंह जीरा ने सोशल मीडिया के माध्यम से स्पष्टीकरण देते हुए साफ किया कि गिरफ्तार किया गया कांस्टेबल अमरजीत सिंह लगभग तीन दिन पहले ही उनकी सुरक्षा में तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि उनकी सुरक्षा में तैनात एक अन्य कर्मचारी के बीमार हो जाने के कारण उसकी जगह अमरजीत सिंह को ड्यूटी पर भेजा गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा कर्मचारी एसएसपी फिरोजपुर द्वारा भेजे जाते हैं और इस कांस्टेबल के साथ उनका कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं है।